पटियाला/हिसार। मशहूर यूट्यूबर अरमान मलिक, जिनका असली नाम संदीप है, अब कानूनी शिकंजे में फंसते नजर आ रहे हैं। पंजाब के पटियाला कोर्ट ने चार शादियों और धार्मिक भावनाएं आहत करने के एक मामले में अरमान और उनकी दो पत्नियों – पायल और कृतिका – को समन जारी किया है। अदालत ने तीनों को आगामी 2 सितंबर को पेश होने के निर्देश दिए हैं।

अरमान मलिक पर आरोप है कि उन्होंने हिंदू विवाह अधिनियम 1955 का उल्लंघन करते हुए चार विवाह किए हैं। इस अधिनियम के तहत कोई भी हिंदू एक समय में केवल एक वैध विवाह कर सकता है। एडवोकेट दविंदर राजपूत द्वारा दायर याचिका में कहा गया है कि अरमान मलिक ने दो पत्नियों के साथ सार्वजनिक रूप से सोशल मीडिया व टेलीविजन पर खुलेआम संबंधों का प्रदर्शन किया है, जो न केवल कानून के खिलाफ है बल्कि सामाजिक मूल्यों के भी विपरीत है।

अरमान पहले एक निजी बैंक में कार्यरत थे, लेकिन बाद में उन्होंने यूट्यूब व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कंटेंट क्रिएटर के रूप में पहचान बनाई। वर्ष 2024 में वह अपनी दोनों पत्नियों के साथ बिग बॉस ओटीटी 3 में भी नजर आए थे, जहां उनकी बहुविवाह पर आधारित पारिवारिक जीवनशैली को लेकर काफी विवाद हुआ था।

इस मामले के साथ-साथ अरमान की पत्नी पायल पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप भी लगा है। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर मां काली का रूप धारण करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया, जिस पर हिंदू संगठनों ने तीखी आपत्ति जताई। शिकायत के बाद पायल ने वीडियो हटाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और पटियाला स्थित काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षमा याचना की। इसके अलावा उन्होंने मोहाली के एक मंदिर में सात दिन तक सफाई और पूजा-पाठ जैसे धार्मिक कार्य कर प्रायश्चित भी किया।

याचिकाकर्ता दविंदर राजपूत ने अदालत से यह भी मांग की है कि अरमान और उनकी पत्नियों के सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगाया जाए और उन पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। याचिका में कहा गया है कि चार विवाह कर समाज को गुमराह करने और धार्मिक भावनाएं आहत करने के गंभीर आरोपों के लिए कठोर सजा दी जानी चाहिए, जिससे समाज में स्पष्ट संदेश जाए।
अब देखना होगा कि पटियाला कोर्ट 2 सितंबर की सुनवाई में क्या रुख अपनाता है और अरमान मलिक के खिलाफ क्या फैसला सुनाया जाता है। यूट्यूबर अरमान मलिक का परिवार फिलहाल विवादों की गिरफ्त में है और सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है।











Discussion about this post