भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर 138 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, विभिन्न एयरलाइंस ने शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट से आने-जाने वाली 138 उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर देश के विभिन्न भागों में लगभग 27 हवाईअड्डे बंद हैं। सूत्रों ने कहा है कि शुक्रवार को सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाली कुल 66 घरेलू और 63 आने वाली उड़ानों के साथ ही पांच अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान और 4 आगमन उड़ानें रद्द कर दी गईं।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) ने एक एक्स पोस्ट में लिखा है कि दिल्ली हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य बना हुआ है। हालांकि, हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों और सुरक्षा उपायों के कारण कुछ उड़ानों के समय पर असर पड़ सकता है। डीआईएएल ने यात्रियों को सुरक्षा चौकियों पर अतिरिक्त समय के लिए तैयार रहने और सुचारू प्रक्रिया के लिए एयरलाइन और सुरक्षा कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की भी सलाह दी।











Discussion about this post