लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के शीतकालीन सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच वार-पलटवार की बिसात बिछ गई है। रविवार को लोकभवन में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रियों और विधायकों को विपक्ष के हमलों से निपटने के लिए ‘विजय मंत्र’ दिया। सीएम ने स्पष्ट किया कि विपक्ष के हर सवाल और आरोप का जवाब पूरी दमदारी और शालीनता के साथ तथ्यों पर आधारित होना चाहिए।
विपक्ष के आरोपों पर तथ्यों से प्रहार का निर्देश-
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि सदन में विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेरने का प्रयास करेगा, लेकिन मंत्रियों की तैयारी ऐसी होनी चाहिए कि वे हर सवाल का सटीक जवाब दे सकें। उन्होंने कहा, “विपक्ष के गलत आरोपों का जवाब देते समय शालीनता न खोएं, बल्कि आंकड़ों और तथ्यों के साथ उनकी हवा निकालें।”
‘वंदेमातरम्’ के 150 वर्ष: विशेष चर्चा की तैयारी-
सरकार ने वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विधानसभा में विशेष चर्चा कराने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सीएम ने इसे राष्ट्रीय अस्मिता का विषय बताते हुए कहा-
सभी विधायक इस चर्चा के दौरान सदन में अपनी अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करें।
विपक्ष इस महत्वपूर्ण चर्चा को भटकाने की कोशिश कर सकता है, लेकिन सदस्यों को अपने लक्ष्य पर अडिग रहना है।
कोई भी सदस्य ऐसा बयान न दें जिससे सरकार या संगठन की स्थिति असहज हो।
आज पेश होगा अनुपूरक बजट-
सोमवार को सदन की कार्यवाही के दौरान सरकार अनुपूरक अनुदान मांगें (Supplementary Budget) पेश करेगी। सीएम ने सभी विधायकों को निर्देश दिए हैं कि वे बजट पेश होने के दौरान सदन में मौजूद रहें।
कैबिनेट बैठक पर टिकी निगाहें-
सत्र की शुरुआत से पहले सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक होगी। इस बैठक में अनुपूरक बजट के मसौदे को औपचारिक मंजूरी दी जाएगी। साथ ही, प्रदेश में निवेश और विकास योजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है।










Discussion about this post