मुजफ्फरनगर। छात्रों की कमी का हवाला देकर हजारों सरकारी स्कूलों को बंद करने के भाजपा सरकार के फैसले के खिलाफ समाजवादी महिला सभा के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष सुषमा सैनी के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने सपा कार्यालय से महावीर चौक, प्रकाश चौक होते हुए कचहरी तक प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया।
धरने को संबोधित करते हुए सुषमा सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक बच्चों को सरकारी स्कूलों से वंचित कर निजी और महंगे स्कूलों को शिक्षा पर कब्जा दिलाना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हमेशा मुफ्त शिक्षा और चिकित्सा की पहल की है, लेकिन भाजपा सरकार सरकारी स्कूल बंद कर निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाना चाहती है।
समाजवादी महिला सभा प्रदेश सचिव अनिता कश्यप और महानगर अध्यक्ष हिमानी सिंह ने भी भाजपा सरकार के इस निर्णय को शिक्षा विरोधी बताते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की। उन्होंने बताया कि स्कूल बंद होने से हजारों रसोई माताओं की नौकरियां भी खतरे में हैं, जो महिला सशक्तिकरण के लिए घातक है।
धरना प्रदर्शन में सैकड़ों महिला पदाधिकारियों ने नारेबाजी की और राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान समाजवादी महिला सभा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।










Discussion about this post