मुजफ्फरनगर। मंगलवार रात सदर बाजार स्थित ब्रिज सीमेंट की दुकान पर गुंडों ने जमकर गुंडागर्दी और मारपीट की, जिससे बाजार में दहशत का माहौल बन गया। घटना के दौरान दुकान में मौजूद एक ग्राहक के साथ मारपीट की गई। दुकान मालिक विशु त्यागी और सामने मौजूद व्यापारी आशीष जैन (संदीप पेंट) ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में आशीष जैन गंभीर रूप से घायल हो गए और दुकान में तोड़फोड़ भी की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपूर्व त्यागी और अनमोल त्यागी नाम के युवकों की पहचान हमलावरों के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य युवक भी इस घटना में शामिल बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
व्यापारियों का आरोप है कि रात में ही पकड़े गए आरोपियों को थाने से छोड़ दिया गया, जिससे व्यापारी वर्ग में गहरा रोष व्याप्त हो गया। बुधवार सुबह व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शलभ गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ से मिलकर पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी क्राइम ने एसओ सिविल लाइन आशुतोष कुमार को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद सैकड़ों व्यापारी थाने पहुंचे और नामजद तहरीर सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने घटना की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपी है। एसओ ने उचित जांच कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस दौरान मौके पर प्रमुख रूप से शलभ गुप्ता, संजय मिश्रा, जनार्दन विश्वकर्मा, राकेश त्यागी, सुरेंद्र मित्तल, आकाश अग्रवाल, सचिन शर्मा, आशीष जैन, विशु त्यागी, हरेंद्र चौधरी, राजेश संगल, विजय प्रताप सिंह, पियूष गोयल, अंकुर गोयल, रजनीश बंसल समेत सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।










Discussion about this post