लखनऊ। राजधानी के बीबीडी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां डायल-112 में तैनात सिपाही मुकेश यादव पर 16 साल की किशोरी को छत से फेंकने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल किशोरी का इलाज डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी रीढ़ की हड्डी टूट चुकी है, और वह न तो खड़ी हो पा रही है और न ही चलने-फिरने में सक्षम है।
घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता की मां के अनुसार, सिपाही मुकेश यादव उनकी बेटी से कई दिनों से छेड़छाड़ कर रहा था। वह उसे रुपयों का लालच देता था और नीयत खराब थी। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अपनी पत्नी कुमकुम और साले अंकित यादव के साथ मिलकर पूरे परिवार से मारपीट की। आरोप है कि विवाद के दौरान तीनों ने किशोरी को घर की छत से नीचे फेंक दिया।
मां ने कहा— “मैंने बीच-बचाव किया, तो मुझे भी पीटा गया। बेटी को छत से नीचे फेंक दिया गया। हम उसे गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे।”
पीड़िता की मां ने बीबीडी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीबीडी थाना प्रभारी राम सिंह के अनुसार, मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। वहीं, डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच मारपीट की बात सामने आई है। फिलहाल तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि पीड़िता और आरोपी सिपाही एक ही मकान में किराए पर रहते हैं। लड़की की मां का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी लगातार उन्हें धमका रहा है। अस्पताल में भर्ती किशोरी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।










Discussion about this post