मुजफ्फरनगर। हिंद की चादर, सिखों के नौवें गुरु धन-धन गुरु तेग बहादुर साहिब, भाई मति दास, भाई सतीदास एवं भाई दयाला के 350वें शहीदी शताब्दी के उपलक्ष्य में निकाली गई ‘जागृति यात्रा’ का मुजफ्फरनगर में भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। तख्त श्री हरमंदिर साहिब, पटना साहिब से चली यह यात्रा बुधवार को मुजफ्फरनगर पहुंची, जहां सर्व समाज ने अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ इसका अभिनंदन किया।
नगर कीर्तन में उमड़ा जनसैलाब-
गुरुवार सुबह 8 बजे, यह यात्रा एक भव्य नगर कीर्तन के रूप में रोडवेज गुरुद्वारे से रवाना हुई। नगर कीर्तन का मार्ग अत्यंत दर्शनीय और भक्तिमय रहा। यह यात्रा कोर्ट रोड, झांसी रानी, टाउन हॉल रोड, मालवीय चौक, भोपा रोड और दाराकापुरी से होते हुए गुरुद्वारा गांधी कॉलोनी पहुंची।
नगर कीर्तन के दौरान, मुजफ्फरनगर की सड़कों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कीर्तन के मार्ग पर सर्व समाज के लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और गुरु साहिब व शहीदी सिंहों की शहादत को नमन किया।
पुरातन दर्शन का सौभाग्य-
इस जागृति यात्रा की सबसे विशेष बात यह थी कि इसमें शामिल संगत को पुरातन हस्तलिखित धन-धन गुरु ग्रंथ साहिब महाराज के दुर्लभ दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त, श्रद्धालुओं को गुरु साहिब और शहीदी सिंहों के शस्त्रों के भी दर्शन कराए गए, जिससे पूरा माहौल भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत हो गया।
गुरुद्वारा गांधी कॉलोनी से होते हुए, यह जागृति यात्रा अपने अगले पड़ावों मेरठ और गाजियाबाद के लिए रवाना हो गई।
इस पूरे भव्य आयोजन का सफल संचालन श्री गुरु सिंह सभा, मुजफ्फरनगर के प्रधान सरदार सतपाल सिंह मान, सेक्रेटरी सरदार अजीत सिंह मलिक तथा सभी कमेटी सदस्यों और सेवादारों ने मिलकर किया।










Discussion about this post