मुजफ्फरनगर। मोरना गांव में नई बस्ती के बीचोबीच बिना प्रशासनिक अनुमति के बनाई जा रही मस्जिद के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त शिकायत के आधार पर रविवार को तहसील और पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया और मस्जिद को सील कर दिया। साथ ही मस्जिद के मुतवल्ली और प्लाट मालिक को हिरासत में ले लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव में सब्जी मंडी-दरियाबाद मार्ग पर एक मस्जिद का निर्माण कार्य चल रहा था।शिकायत मिली थी कि निर्माण बिना प्रशासनिक स्वीकृति के हो रहा है। इसके बाद जानसठ तहसील के नायब तहसीलदार बृजेश सिंह, कानूनगो सुरेशचंद, थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह, चौकी प्रभारी मोरना ललित राजपूत, शुक्रताल चौकी प्रभारी रणवीर सिंह और हलका प्रभारी शिवकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर अधिकारियों ने देखा कि मस्जिद के भीतर प्लास्टर और अन्य निर्माण कार्य जारी था। तत्काल काम रुकवाकर मस्जिद के मुख्य द्वार और दीवारों पर यलो टेप लगाकर स्थल को सील कर दिया गया।
नायब तहसीलदार बृजेश सिंह ने बताया कि खसरा संख्या 366 में स्थित 178.48 वर्ग मीटर भूमि पर मदीना मस्जिद का निर्माण कराया जा रहा था, लेकिन शासन से इसकी कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इसलिए निर्माण रोकते हुए स्थल को सील किया गया है।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि तहसील प्रशासन की मौजूदगी में मस्जिद को सील किया गया है। मामले में मस्जिद के मुतवल्ली निजामुद्दीन निवासी मोरना और प्लाट मालिक यूनुस को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post