मुज़फ्फरनगर। श्रम आयुक्त कानपुर दिनेश कुमार के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में बाल श्रम निषेध सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को जन जागरूकता रैली निकाली गई। सहायक श्रम आयुक्त देवेश सिंह के नेतृत्व में तथा जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन संस्था एवं ग्रामीण समाज विकास केंद्र द्वारा आयोजित इस रैली में बाल श्रम निषेध के प्रति जागरूकता के लिए जागरूकता रैली निकाली गई।
इस रैली में 82 एनसीसी बटालियन के कैडेट्स ने भाग लिया। रैली को बाल कल्याण समिति अध्यक्ष रीना पवार एवं सहायक श्रम आयुक्त देवेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली प्रकाश चौक, शिव चौक, मीनाक्षी चौक, आर्य समाज रोड होते हुए महावीर चौक से गुजरी और राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में संपन्न हुई।
देवेश सिंह ने कहा कि रैली का उद्देश्य जनपद में बाल श्रम को समाप्त करना और यह संदेश देना है कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों का पहला अधिकार शिक्षा है। यदि कोई सेवायोजक अपने प्रतिष्ठान पर बाल श्रम कराता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
रीना पवार ने कहा कि बाल कल्याण समिति द्वारा बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा, और माता-पिता की काउंसलिंग के माध्यम से उचित कदम उठाए जाते हैं। वहीं संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर गजेंद्र सिंह ने बाल श्रम मुक्त जनपद और बच्चों की शिक्षा व कल्याण के लिए विभाग से समन्वय और सहयोग की बात कही।
रैली को सफल बनाने में श्रम परिवर्तन अधिकारी बालेश्वर विंध्याचल शुक्ला, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से धनीराम, गौरव मालिक, संस्था से अमित जोमन राय, राहुल, संदीप सहित श्रम विभाग के समस्त स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।










Discussion about this post