मुज़फ़्फ़रनगर। भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव में दो युवकों द्वारा एक महिला के घर में घुसकर गाली-गलौच, मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने जान का खतरा जताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह विवाद एक दुल्हन की कार रोकने के पुराने मामले से जुड़ा बताया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि रविवार की शाम जब वह अपनी बेटी और बहू के साथ घर पर मौजूद थी, तभी गांव गड़वाड़ा निवासी टीनू और अभिषेक नामक दो युवक घर में घुस आए और गाली-गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने न्यायिक हिरासत में भेजे गए दो अन्य युवकों को छुड़ाने का दबाव बनाते हुए धमकी दी कि यदि ऐसा न किया गया तो परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसके बाद आरोपियों ने घर के दरवाजे और बैड को तोड़ दिया।
पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता ने भोपा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सूत्रों के अनुसार, यह मामला कुछ दिन पहले गड़वाड़ा गांव के नितिन और सागर द्वारा एक दुल्हन की गाड़ी रोकने से जुड़ा है। इस हरकत के विरोध में दुल्हन के भाई और अन्य ग्रामीणों ने विरोध जताया था, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
रविवार को पीड़िता के घर में घुसकर धमकी देने वालों में से एक आरोपी, हिरासत में लिए गए युवक का भाई बताया जा रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर टीनू और अभिषेक निवासी गड़वाड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।











Discussion about this post