मुज़फ्फरनगर। जिले की शाही विकास योजनाओं की हकीकत उस समय उजागर हो गई जब रुड़की चुंगी से मदीना चौक को जोड़ने वाले मुख्य 60 फीट रोड पर एक युवक अपनी बुलेट मोटरसाइकिल समेत गहरे गड्ढे में गिर गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
युवक साहिब मदीना कॉलोनी में अपने मामा के घर जा रहा था। बारिश के बाद पानी से भरी सड़क पर मौजूद एक गहरे गड्ढे को वह देख नहीं सका और बुलेट सहित उसमें गिर गया। युवक ने मदद के लिए शोर मचाया, जिसे सुनकर स्थानीय लोग दौड़कर आए और कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। बाद में मोटे रस्सों की मदद से उसकी बुलेट मोटरसाइकिल को भी बाहर खींचा गया।
स्थानीय दुकानदार दिलशाद ने बताया कि यह गड्ढा करीब 6-7 फीट गहरा है और हमेशा पानी से भरा रहता है। यदि समय पर युवक को बाहर न निकाला जाता तो उसकी जान भी जा सकती थी। उन्होंने बताया कि यह हादसा कोई पहला नहीं है। पिछले कुछ महीनों में कई ई-रिक्शा, बाइक और टेंपो इस गड्ढे में पलट चुके हैं। एक हादसे में एक बच्चे का हाथ तक टूट चुका है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह गड्ढा सड़क निर्माण एजेंसी द्वारा पानी की निकासी के लिए बनाया गया था, लेकिन बाद में निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कांवड़ यात्रा से पहले निरीक्षण कर घटिया सामग्री का आरोप लगाते हुए कार्य रुकवा दिया था। तब से अब तक सड़क निर्माण का काम दोबारा शुरू नहीं किया गया है।
रुड़की चुंगी से मदीना चौक तक की यह मुख्य सड़क हर समय जलभराव की समस्या से जूझती रहती है। स्थानीय लोग प्रशासन और नेताओं से बार-बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। अब जब हादसे जानलेवा होते जा रहे हैं, तो जनता में गुस्सा और आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।










Discussion about this post