बांसवाड़ा : अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे में बांसवाड़ा जिले से जुड़ा एक और दर्दनाक मामला सामने आया है. इस हादसे में बांसवाड़ा के रहने वाले प्रतीक जोशी अपने पूरे परिवार के साथ फ्लाइट में सवार थे। प्रतीक जोशी करीब छह साल पहले लंदन शिफ्ट हो गए थे। अब वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ स्थायी रूप से वहीं बसने के लिए जा रहे थे.
प्रतीक जोशी की पत्नी का नाम डॉ. कोमी व्यास है. वह एक डॉक्टर थीं और उन्होंने दो दिन पहले ही अपनी नौकरी से इस्तीफा दिया था ताकि लंदन में नई शुरुआत की जा सके. इस परिवार के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो जुड़वा बेटियां हैं और दोनों की उम्र पांच साल है.
पूरा परिवार लंदन में बसने के इरादे से इस फ्लाइट में सवार हुआ था. प्रतीक की लंबे समय से योजना थी कि वे अब पत्नी और बच्चों को भी लंदन लेकर जाएं. एकसाथ नई ज़िंदगी की शुरुआत करें. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. विमान के हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को चंद लम्हों में गम में बदल दिया.
यह जानकारी सामने आने के बाद बांसवाड़ा में प्रतीक जोशी और उनके परिवार को जानने वालों में शोक की लहर है. सभी लोग इस घटना को लेकर बेहद दुखी और स्तब्ध हैं. प्रतीक और कोमी दोनों पढ़े-लिखे और मेहनती दंपति थे.
राजस्थान के बांसवाड़ा से प्रतीक जोशी फैमिली के पांच लोग, उदयपुर से 12 लोग और बालोतरा से खुशबू राजपुरोहित की मौत की पुष्टि हुई है. उदयपुर शहर के मार्बल व्यवसायी पिंकू मोदी के 24 साल के बेटे शुभ और 22 साल की बेटी शगुन मोदी के अलावा जिले के रुंडेडा गांव के वर्दी चंद मेनारिया और प्रकाश मेनारिया भी मारे गए.











Discussion about this post