मुजफ्फरनगर। जनपद के जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव तालड़ा में बदमाशों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने 65 वर्षीय किसान अटल का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया और उनके कारोबारी बेटे से 10 लाख रुपये की फिरौती वसूलने के बाद उन्हें छोड़ा।
अपहरण और फिरौती का पूरा घटनाक्रम-
अटल (पुत्र मदनलाल, 65 वर्ष), निवासी मोहल्ला हुसैनपुरा, जानसठ। वह तालड़ा के जंगल में सौ बीघे से अधिक जमीन के मालिक हैं।
शुक्रवार की सुबह किसान अटल अपनी बाइक से तालड़ा के जंगल में अपने खेतों पर गए थे। जंगल में हथियारों से लैस आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उनका अपहरण कर लिया।
बदमाशों ने किसान को जंगल में स्थित गन्ने के खेत में बंधक बनाकर रखा।
बदमाशों ने किसान के मोबाइल फोन से ही उनके पुत्र मयंक को कॉल किया, जो गाजियाबाद के इंद्रापुरम में कारोबार करते हैं। कॉल पर 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई और पुलिस को सूचना देने पर पिता की हत्या करने की धमकी दी गई।
मयंक गाजियाबाद से तुरंत जानसठ पहुंचे, ₹10 लाख का इंतजाम किया और बदमाशों की बताई जगह पर फिरौती की रकम पहुंचाई। रकम मिलने के बाद बदमाशों ने शुक्रवार की देर शाम किसान अटल को सकुशल छोड़ दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच तेज-
किसान के सकुशल छूटने के बाद उनके पुत्र मयंक ने जानसठ कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दी।
सीओ यतेंद्र नागर ने पुष्टि करते हुए बताया कि किसान के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
एसएसपी संजय वर्मा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात आदित्य बंसल की अगुवाई में मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जांच में आने वाले तथ्यों के आधार पर जल्द ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद तालड़ा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। पुलिस जल्द से जल्द बदमाशों को पकड़ने की कोशिश में जुटी हुई है।










Discussion about this post