शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में युवती से पहचान छिपाकर दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाले आरोपी नवीद उर्फ काशिफ पठान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस घटना की तह तक पहुंचेगी। एसपी ने जांच के लिए एसओजी व सर्विलांस सेल समेत तीन टीमों को लगाया है। टीमें आरोपी के मोबाइल, सोशल मीडिया व कॉल डिटेल की पड़ताल करेगी। आरोपी के मोबाइल में मिले फोटो की पड़ताल भी होगी।
चौक कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती शनिवार की शाम को चौक कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि दो साल पूर्व शिवा वर्मा नाम के युवक से सोशल मीडिया के जरिये संपर्क हुआ था। उसने तिलक और कलावा बांध अपना धर्म छिपाकर शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। हिडेन कैमरे से वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।
वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए मोहल्ला सिंजई स्थित कमरे में उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। 11 जुलाई को आरोपी का फोन देखने पर राज खुला कि वह शिवा वर्मा न होकर नावेद उर्फ कासिफ पठान है। उसके मोबाइल में कई लड़कियों के अश्लील वीडियो मिले हैं। गर्भवती होने पर नावेद, उसके भाई कैफ, पिता आलम, मां उजमा, बहन समन ने गर्भ गिराने का दबाव बनाया। नावेद ने पेट पर लात मार दी। जिससे गर्भ गिर गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शेष की तलाश की जा रही है।
एसपी ने मामले की गहनता से जांच के लिए एसओजी, सर्विलांस सेल समेत तीन टीमों का गठन कर दिया है। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि जांच में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के साथ लड़कियों के फोटो मिलने में अभी तक किसी लड़की की शिकायत नहीं आई है। मामले की विवेचना इंस्पेक्टर अपराध पवन कुमार को दी गई है। आरोपियों की तलाश में सोमवार को चौक कोतवाली पुलिस ने दबिश दी। वहां उन्हें कोई नहीं मिला। पुलिस टीमों ने उनकी रिश्तेदारियों में भी पता लगाया है।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मामले में एसओजी, सर्विलांस व थाने की टीम लगाई है। हर बिंदु पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदू जागरण मंच ने प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट गेट पर छांगुर बाबा का पुतला फूंका। इस बीच मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को दिया। महानगर अध्यक्ष राजेश अवस्थी ने ज्ञापन में बताया कि जलालुदीन उर्फ छांगुर बाबा धर्मांतरण करने वाला सरगना है। उस पर रासुका की कार्रवाई की जाए। धर्मांतरण कार्यों में संलिप्तों की अवैध संपत्ति जब्त की जाए।
उन्होंने बताया कि चौक कोतवाली में नावेद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिसके चंगुल में 18 अन्य हिंदू लड़कियां मजबूरी में फंसी हुई हैं। जिनके अश्लील वीडियो आरोपी के पास हैं। वह धर्मांतरण के लिए धमका रहा है। जिसकी जांच कराई जाए। नावेद के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाए। एनआईए से जांच कराई जाए। ज्ञापन देने वालों में गोविंद मिश्रा, अंकुल शुक्ला, धर्मेन्द्र पाल, अभय, आलोक, दुर्गेश, अभय राज, रामनरेश वर्मा, राजेन्द्र आदि मौजूद रहे।











Discussion about this post