मेरठ। पूर्व सैन्यकर्मी के परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के खिर्वा रोड स्थित आसाराम बापू आश्रम के पीछे सुरेंद्र एन्क्लेव कॉलोनी की है, जहां कार स्टंट का विरोध करना परिवार को भारी पड़ गया। हमलावरों ने पिता-पुत्र पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
खतौली के रायपुर नंगली गांव निवासी और सेना से सेवानिवृत्त संदीप कुमार अपने परिवार के साथ सुरेंद्र एंक्लेव कॉलोनी में रहते हैं। बीती रात उनके मकान के सामने गणपति विहार कालोनी निवासी कृष और एक अन्य युवक कार से स्टंट कर रहे थे। संदीप कुमार के परिवार ने इसका विरोध किया, जिस पर कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद आरोपी युवकों ने अपने साथियों को बुला लिया और देखते ही देखते 15–20 लोगों ने घर पर धावा बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने संदीप और उनके बेटे भानु प्रताप पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पीड़ित संदीप कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अनुज, कृष, लकी, अक्कू पंडित, केके और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











Discussion about this post