मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के आठ साल पूरे हो गए, लेकिन मुजफ्फरनगर में गौकशी का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुढ़ाना थाना पुलिस ने शनिवार को एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 50 किलो गौमांस तथा गौकशी में इस्तेमाल होने वाले धारदार औजार बरामद किए। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर गांव रसूलपुर दभेड़ी के पास की गई, जहां आरोपी खुलेआम गौमांस बेचने की तैयारी में थे।
प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांव रसूलपुर दभेड़ी से टोडा जाने वाले रास्ते पर एक गाय के बछड़े को काटकर गौमांस कट्टों में भरकर बुढ़ाना ले जाने की फिराक में हैं। इस पर उपनिरीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में टीम ने तत्काल दबिश देकर नूर मोहम्मद, शकील, जाहिद, परवेज (रसूलपुर दभेड़ी निवासी) और मुन्ना, वाजिद (कल्याणपुर निवासी) को मौके से पकड़ लिया।
हालांकि, एक आरोपी गन्ने के खेतों का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से 50 किलो गौमांस, चार छुरी, एक दाब, एक लकड़ी का गुटका और अन्य औजार बरामद किए। घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया।
सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि ऐसे मामलों में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, लेकिन हकीकत यह है कि योगी सरकार के आठ साल बाद भी मुजफ्फरनगर में गौकशी का कारोबार फल-फूल रहा है और पुलिस को बार-बार ऐसे गिरोहों पर शिकंजा कसना पड़ रहा है।










Discussion about this post