मुजफ्फरनगर। जिले में बिजली चोरी रोकने के लिए बिजली विभाग ने गुरुवार को बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) अभिषेक सिंह के नेतृत्व में विजिलेंस टीम ने कई गांवों में औचक निरीक्षण किया। इस अभियान में एसडीओ, जेई और विभागीय कर्मचारी शामिल थे।
टीम ने सुबह-सुबह गांव नंगला मदौड़ और काटका में दबिश दी। इस दौरान 52 घरों और एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में बिजली चोरी पकड़ी गई। कुल 53 स्थानों पर लोग अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते पाए गए। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी दोषियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई।
एक्सईएन अभिषेक सिंह ने कहा कि बिजली चोरी अपराध है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि पुराने बिलों का भुगतान न करने वालों के कनेक्शन भी काटे जाएंगे। विभाग का लक्ष्य जनपद को बिजली चोरी मुक्त बनाना है।
इस अभियान में एसडीओ जानसठ चंदन चौबे, एसडीओ मीरापुर कृषण मोहन, जेई पंकज शाह, जेई संजय कुमार, अनिल कुमार, संजीव कुमार, सतीश कुमार, रविश कुमार और रामलाल समेत पूरी टीम मौजूद रही।
इधर, किसान यूनियन तोमर गुट ने बिजली विभाग की इस कार्रवाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दोपहर से ही यूनियन कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और विभाग की सख्त कार्यवाही का विरोध जताया। किसानों का कहना है कि विभाग केवल कार्रवाई कर रहा है, लेकिन उपभोक्ताओं की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है।










Discussion about this post