मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र में दो माह पूर्व एक युवक के घर पर हुई गोलीबारी की घटना के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि फायरिंग का मकसद पीड़ित पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाना था। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और तीन कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
यह घटना 17 अप्रैल को के-ब्लॉक निवासी सागर भारती के घर पर हुई थी, जब कुछ लोगों ने मिलकर जानलेवा फायरिंग की। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। सागर ने घटना की रिपोर्ट तत्काल लोहियानगर थाने में दर्ज कराई थी।
सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने जानकारी दी कि इस मामले में पुलिस ने सलेमपुर गांव निवासी फैजान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में फैजान ने बताया कि सागर भारती ने पहले उसके खिलाफ “घर में घुसकर हमला” करने का मुकदमा दर्ज कराया था। जब सागर ने वह केस वापस नहीं लिया, तो फैजान ने अपने साथियों जीशान और ओसामा के साथ मिलकर बदला लेने की नीयत से फायरिंग की।
फैजान पर पहले से लोहियानगर थाने में तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब फरार आरोपियों जीशान और ओसामा की तलाश में दबिश दे रही है।











Discussion about this post