मुज़फ्फरनगर। मीरापुर कस्बे में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दसवीं कक्षा के एक होनहार छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे की सूचना मिलते ही मृतक छात्र के परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे ग्राम कासमपुर खोला में गहरा शोक व्याप्त हो गया।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, आदित्य कपासिया पुत्र परमित कपासिया (निवासी ग्राम कासमपुर खोला), कस्बे के ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र था। रविवार सुबह वह अपनी बाइक से ट्यूशन पढ़ने के लिए मीरापुर जा रहा था। जैसे ही वह सिकरेड़ा पेट्रोल पंप के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुँचा, वहीं किनारे खड़ी एक वैगनआर कार के चालक ने अचानक कार की खिड़की खोल दी।
इस अप्रत्याशित घटना के कारण आदित्य की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह तुरंत हाईवे पर दूसरी ओर से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि आदित्य वापस वैगनआर कार से जा टकराया और सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया।
पुलिस ने चालकों को पकड़ा-
राहगीरों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और परिजनों को खबर दी। घायल छात्र को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मीरापुर पुलिस ने दोनों कार चालकों को हिरासत में ले लिया है और छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। छात्र की आकस्मिक मृत्यु पर उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में गहरा मातम छा गया है।










Discussion about this post