मुजफ्फरनगर। शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र के ऐतिहासिक गांव सोरम में आयोजित तीन दिवसीय सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत मंगलवार को संपन्न हो गई। पंचायत में सामाजिक कुरीतियों, परंपराओं और समाज में फैली बुराइयों पर गंभीर मंथन हुआ। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर से सैकड़ों किसान, खाप चौधरी और आम नागरिक इस पंचायत में शामिल हुए।
मंच पर 36 बिरादरियों के खाप चौधरी और थंबेदार मौजूद रहे। बालियान खाप के चौधरी, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी इस ऐतिहासिक पंचायत में उपस्थित रहे।
राजनीतिक दलों के कई जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल, बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान और मुजफ्फरनगर के सांसद हरेंद्र मलिक शामिल थे।
पंचायत में कुल 11 प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें कन्या भ्रूण हत्या रोकने, पर्यावरण संरक्षण और जल बचाव, मृत्यु भोज पर रोक, गौ संरक्षण, पंचायत में महिलाओं की भागीदारी और नशाखोरी उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं। लिव-इन रिलेशनशिप का सर्वसम्मति से विरोध करते हुए इसे समाप्त करने और प्रेम विवाह या कोर्ट मैरिज के लिए माता-पिता की अनुमति अनिवार्य करने का प्रस्ताव पास किया गया।
राकेश टिकैत ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के तहत जन्मदिन या किसी की मृत्यु पर स्मृति में एक पेड़ लगाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया है। चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि दहेज प्रथा, नशाखोरी, मृत्यु भोज, प्रेम विवाह सहित सभी 11 प्रस्तावों पर पूर्ण सहमति बनी और इनके पालन के लिए एक कमेटी गठित की गई है।
सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान ने बताया कि यह पंचायत सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत की सातवीं कड़ी थी और अगली पंचायत वर्ष 2035 में आयोजित की जाएगी। इस सभा से समाज में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की उम्मीद जताई गई है।










Discussion about this post