मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के परासौली गांव में शनिवार शाम उस समय मातम छा गया जब एक ट्रैक्टर ने 12 वर्षीय बालक को टक्कर मार दी।साइकिल पर सवार खुर्रम नाम के इस किशोर की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के पीछे ट्रैक्टर स्टार्ट कर रहे दो युवकों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के ही अकरम और असलम अपना ट्रैक्टर स्टार्ट कर रहे थे।
इसी दौरान, उन्होंने गलती से ट्रैक्टर का गियर आगे की बजाय पीछे डाल दिया। ट्रैक्टर तेजी से पीछे की ओर भागा और ठीक उसी समय वहां से साइकिल पर गुजर रहे खुर्रम को रौंदता हुआ निकल गया। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने खून से लथपथ खुर्रम को फौरन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश की लहर दौड़ गई और लोगों में गुस्सा भर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतक किशोर के पिता तहसीम की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी अकरम और असलम के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को भी अपने कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है और मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।










Discussion about this post