खतौली। मंगलवार देर शाम खतौली में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा आवास विकास कॉलोनी के सामने हुआ, जहां मेरठ से मुजफ्फरनगर जा रही भैंसाली डिपो की रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी मनीष पुत्र उमेश और आकाश पुत्र सौराज हरिद्वार से गाजियाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान खतौली क्षेत्र में सामने से आ रही रोडवेज बस ने मनीष की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घायल आकाश को तुरंत सरकारी अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि यह हादसा रोडवेज बस चालक की लापरवाही के कारण हुआ। हादसे के बाद चालक बस को खतौली डिपो में छोड़कर फरार हो गया। देर रात मृतक मनीष के परिजनों के खतौली थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।










Discussion about this post