मुजफ्फरनगर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के अध्यक्ष अमित जैन के नेतृत्व में एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के आवास पर जाकर उन्हें सम्मानित किया। यह अभिनंदन एक उद्योगपति से कथित 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के प्रकरण में मंत्री द्वारा की गई त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के प्रति आभार स्वरूप किया गया।
आईआईए प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर मंत्री कपिल देव का अभिनंदन किया। मंत्री द्वारा भ्रष्टाचार के इस मामले में व्यक्तिगत संज्ञान लेकर न केवल वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल वार्ता की गई, बल्कि राज्य कर निरीक्षक हिमांशु को तत्काल प्रभाव से निलंबित भी कराया गया। साथ ही, संबंधित व्यापारी को भेजे गए अनावश्यक नोटिस भी वापस ले लिए गए।
इस मौके पर कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति केवल एक नारा नहीं बल्कि भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि व्यापारियों एवं उद्यमियों की सुरक्षा और सम्मान ही प्रदेश के औद्योगिक विकास की नींव है।
इस अवसर पर IIA प्रतिनिधिमंडल में पवन गोयल, अशोक अग्रवाल, अश्विनी खंडेलवाल, विपुल भटनागर, राज साहू, मनीष भतीजा, स्पाशु अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, राहुल मित्तल, सौरव गर्ग, प्रदीप गोयल, गोविंद जिंदल, मनीष जिंदल और अजय गोयल सहित अनेक व्यापारीगण मौजूद रहे।










Discussion about this post