शाहपुर। मुजफ्फरनगर के थाना शाहपुर क्षेत्र के धनायन गांव में सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने तथा बॉडी वॉर्न कैमरा तोड़ने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पीआरवी 2244 पर तैनात हेड कांस्टेबल मोनू राणा ने बताया कि सोमवार देर रात धनायन गांव निवासी गौरव ने सूचना दी कि उसका भाई विकास शराब के नशे में घर में तोड़फोड़ कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो विकास ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने लगा।
हेड कांस्टेबल के अनुसार, विकास ने उनकी वर्दी पर लगे बॉडी वार्न कैमरा को खींचकर जमीन पर पटक दिया, जिससे कैमरा टूट गया। जब हेड कांस्टेबल कैमरा उठाने के लिए झुके, तो आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और मंगलवार को आरोपी को चांदपुर-धनायन मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी विकास पर भारतीय दंड संहिता की धारा 353 (सरकारी कार्य में बाधा), 332 (लोक सेवक को चोट पहुंचाना), 427 (तोड़फोड़), और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।










Discussion about this post