मुज़फ्फरनगर। धार्मिक कार्य से शुक्रताल जा रहे अनुसूचित जाति के युवक के साथ गाली-गलौज व मारपीट की घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव मोरना निवासी वंशराज, जो महर्षि शुकदेव इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र है, ने थाने में तहरीर दी कि बुधवार को वह अपने तहेरे भाई तुषार के साथ शुक्रताल में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही वह महर्षि शुकदेव इंटर कॉलेज के सामने पहुंचे, तभी मोरना निवासी राहुल, हेमंत और दरियाबाद निवासी काकु ने बिना कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने तुषार के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया।
घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि राहुल, हेमंत और काकु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेमंत और काकु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।










Discussion about this post