मुजफ्फरनगर। सावन माह की पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान थाना नई मंडी क्षेत्र के बिलासपुर कट के पास आज सुबह करीब 4:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। एक बेकाबू ट्रक (नं. एचआर 63 सी 7547) ने कांवड़ियों की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली (नं. यूपी 13 बी 5117) में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चार कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भड़ौला से लगभग 15 कांवड़िए ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए हरिद्वार जल भरने जा रहे थे। बिलासपुर कट के पास कांवड़ियों ने नाश्ता करने के लिए ट्रॉली खड़ी की थी। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली में सवार कई कांवड़िए गिर पड़े। घायलों में कुलदीप (पुत्र रतन सिंह, उम्र 26), रजत (पुत्र लीलू, उम्र 28), और अजय (पुत्र राकेश, उम्र 19) की हालत गंभीर बताई गई है। चौथा घायल कांवड़िया भी गंभीर रूप से चोटिल है।
सूचना मिलते ही थाना नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद कांवड़ियों में आक्रोश फैल गया। श्रद्धालुओं ने सड़क पर हंगामा करते हुए क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली, कांवड़ सामग्री, और डीजे की भरपाई की मांग की। साथ ही, उन्होंने ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कांवड़ियों को शांत कराया। सीओ नई मंडी रूपाली राव ने बताया कि आरोपी ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने यातायात को सुचारु करवाया।










Discussion about this post