मुजफ्फरनगर। मेरठ रोड स्थित स्टेडियम बिजलीघर पर उस समय हंगामा मच गया जब एक महिला उपभोक्ता ने बिल जमा करते समय बिजली विभाग के एक कर्मचारी की अभद्र भाषा और दुर्व्यवहार की शिकायत की। मामले की भनक लगते ही भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने मोर्चा संभाल लिया और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बिजली घर का घेराव करते हुए धरना शुरू कर दिया, जो देर रात तक चला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक महिला उपभोक्ता बिजली का बिल जमा कराने स्टेडियम बिजली घर पहुंची थी। इस दौरान जब उसने बिल संबंधी अपनी समस्या रखी, तो वहां मौजूद एसएसओ ने कथित तौर पर उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उसे अपमानित किया। इससे आहत महिला वहां से लौट गई और घटना की जानकारी संगठन से जुड़े लोगों को दी।
शाम होते-होते भाकियू (अराजनीतिक) के जिला अध्यक्ष अक्षय त्यागी और प्रदेश प्रभारी अंकित चौधरी के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बिजली घर पहुंचे और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामला तूल पकड़ता देख बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में उपभोक्ताओं के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने लिखित में भी यह वचन दिया। इसके बाद जिला अध्यक्ष अक्षय त्यागी के निर्देश पर प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
धरने में आशिक चौधरी, जावेद खान, दिलशाद अंसारी, गुलफाम अंसारी, इमरान राणा, रिजवान राणा, अरशद खान, यूनुस प्रधान, गुफरान अंसारी, सलीम कुरैशी, मटरू कुरैशी, सावेज खान, जमशेद अब्बासी, शेरखान राणा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।










Discussion about this post