मुजफ्फरनगर। बागपत की रहने वाली छोटी ने गांव के ही युवक विजय से प्रेम विवाह किया था। फिलहाल विजय चोरी के आरोप में पिछले पांच महीने से जेल में बंद है। पति के जेल जाने के बाद छोटी अपने 11 माह के बेटे के साथ मां पार्वती के घर, प्रेमपुरी में रह रही थी।
सोमवार रात छोटी के दो किशोर भाई भी मां से मिलने पहुंचे। बहन को देखकर नाराज़ भाइयों में विवाद हो गया। कहासुनी के बीच उन्होंने बहन पर बेल्ट से हमला कर गला घोंटने की कोशिश की। इस दौरान गोद में मौजूद मासूम अभिषेक (11 माह) छीनाझपटी में जमीन पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में घायल विवाहिता छोटी बेसुध हो गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत मौके पर पहुंचे और जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए। मंगलवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बहन की शादी से भाई नाराज़ थे। छीनाझपटी के दौरान बच्चे की मौत हो गई। मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा।










Discussion about this post