मुज़फ्फरनगर। मंगलवार को जिला अस्पताल में किसान यूनियन के नाम पर एक युवक ने जमकर हंगामा किया और गुंडागर्दी की। चिकित्सकों और स्टाफ से अभद्रता करने के आरोप में अस्पताल कर्मियों ने उसे पकड़कर अस्पताल पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। हालांकि बाद में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई और युवक को छोड़ दिया गया।
मामला जिला अस्पताल परिसर का है, जहां एक युवक खुद को शेरपुर गांव निवासी और किसान यूनियन से जुड़ा बताकर अस्पताल पहुंचा। आरोप है कि उसने एक मरीज की रेफर स्लिप मांगी, जिसे नियमों के अनुसार केवल मरीज के परिजनों को ही दिया जा सकता है। जब अस्पताल स्टाफ ने उसे यही बताया, तो वह अभद्रता पर उतर आया और धरने की धमकी देने लगा।
फार्मासिस्ट डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि उस समय अस्पताल में कार्यरत कर्मचारी हारून की बहन भी मौजूद थीं, जो आंखों की जांच के लिए आई थीं। युवक ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की।
डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि किसान यूनियन से जुड़ना कोई आपत्तिजनक बात नहीं है, क्योंकि यह संगठन किसानों के अधिकारों की आवाज उठाते हैं। लेकिन कुछ लोग यूनियन का नाम लेकर दबंगई और अनुशासनहीनता कर रहे हैं, जो कि निंदनीय है।
इस पूरे प्रकरण में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई लिखित शिकायत या FIR दर्ज नहीं की गई, जिससे आरोपी युवक को छोड़ दिया गया। चिकित्सकों ने मांग की है कि भविष्य में अस्पताल परिसर की गरिमा बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।










Discussion about this post