मुजफ्फरनगर। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर उसे सलामी दी तथा देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने स्कूली छात्राओं को उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर एवं छाता भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट कर्मचारियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय ध्वज की छवि भेंट कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा “मैं उन सभी महान आत्माओं को नमन करता हूं जिनके बलिदान, त्याग और समर्पण की वजह से आज हम स्वतंत्रता की हवा में सांस ले रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा “ईश्वर से यही प्रार्थना है कि भारत आने वाले समय में पूरी दुनिया का सिरमौर बने और हर नागरिक जीवन के हर क्षेत्र में प्रगति कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे। सभी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और आह्वान करता हूं कि सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करें।”
इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










Discussion about this post