मुजफ्फरनगर। जानसठ तहसील क्षेत्र के गांव तालड़ा में दबंग जाति के लोगों द्वारा कुम्हारों के पारंपरिक मिट्टी के गड्ढों पर किए जा रहे कब्जे के विरोध में उत्तर प्रदेश प्रजापति महासभा के पदाधिकारी, जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।अध्यक्ष प्रमोद कुमार प्रजापति के नेतृत्व में समाज के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रजापति महासभा का कहना है कि गांव में 50-60 परिवार मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते हैं, लेकिन अब उन्हें बर्तन बनाने के लिए मिट्टी बाहर से पैसे देकर मंगानी पड़ रही है, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रमोद प्रजापति ने बताया कि जिस जमीन पर दबंगों ने कब्जा किया है, वह पारंपरिक रूप से कुम्हारों के उपयोग में रही है और समाज इसके लिए दो बार कोर्ट से भी जीत चुका है। इसके बावजूद एसडीएम जानसठ इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे।
प्रजापति समाज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माटी कला बोर्ड योजना का हवाला देते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में पारंपरिक कारीगरों के उत्थान को लेकर गंभीर है, तो ऐसी जमीनों को कब्जा मुक्त कराकर कुम्हार समाज को दिलाई जाए, ताकि वे अपने पारंपरिक कार्य को जारी रख सकें।
जिलाधिकारी ने प्रजापति समाज को आश्वासन दिया है कि जल्द ही कब्जे से जमीन को मुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post