मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा मोरना में 17 मार्च को नमाज के बाद मस्जिद के बाहर दो पक्षों में हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना में घायल चांद की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए आरोपी पक्ष की महिलाओं ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान बाबर नामक युवक की पत्नी गुलिस्ता ने आरोप लगाया कि उसका पति इस घटना में शामिल नहीं था, बल्कि वह बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहा था। गुलिस्ता का कहना है कि घटना के बाद घायलों को लेकर थाने पहुंचे उसके पति बाबर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उसने यह भी कहा कि नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर आ रहे उसके परिवार के सदस्यों पर दूसरे पक्ष ने घात लगाकर हमला किया।
महिलाओं का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ एक पक्ष की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उनके परिवार के अधिकांश पुरुष सदस्यों को जेल भेज दिया, जबकि उनके पक्ष की एफआईआर दर्ज नहीं की गई। प्रदर्शन में शामिल समा नामक महिला भावुक होकर बोलीं कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे जहर खाकर आत्महत्या कर लेंगी।
महिलाओं ने एसएसपी को एक ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिस को दोनों पक्षों की बात सुनकर ही उचित कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो।










Discussion about this post