शामली। कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लेकर लौट रहे डाक कांवड़ियों की बाइक में अचानक आग लग गई।बाइक में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ ही पलों में बाइक को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
घटना शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत धीमानपुरा फाटक के पास की है। हरियाणा के पानीपत निवासी कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर तेज रफ्तार डाक कांवड़ यात्रा पर लौट रहे थे कि तभी अचानक बाइक में शॉर्ट सर्किट हो गया और आग भड़क उठी। बाइक पर सवार दोनों कांवड़ियों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
इस दौरान पीछे से आ रही दूसरी बाइक भी जलती हुई बाइक के बेहद करीब पहुंच गई और फिसल गई। मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने तत्परता और बहादुरी दिखाते हुए बाइक को तुरंत आग की चपेट से हटाया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और जली हुई बाइक को सड़क से हटाया गया ताकि यातायात बाधित न हो।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। आग पर काबू पाने के बाद दोनों कांवड़िए बिना देर किए अपनी डाक कांवड़ यात्रा पर गंतव्य की ओर रवाना हो गए।











Discussion about this post