नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने रेल यात्रियों की जेब पर असर डालने वाला एक बड़ा एलान किया है। 26 दिसंबर 2025 से ट्रेनों के किराए में नया संशोधन लागू होने जा रहा है। हालांकि, रेलवे ने आम आदमी और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों का ध्यान रखते हुए छोटी दूरी की यात्रा को इस बढ़ोतरी से बाहर रखा है।
215 किलोमीटर तक का सफर रहेगा ‘पुराने रेट’ पर-
रेलवे के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, साधारण श्रेणी (General Class) में 215 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले यात्रियों को एक भी पैसा अतिरिक्त नहीं देना होगा। इस फैसले से उन करोड़ों यात्रियों को बड़ी राहत मिली है जो काम के सिलसिले में या स्थानीय स्तर पर कम दूरी का सफर तय करते हैं।
लंबी दूरी की यात्रा होगी महंगी: जानें गणित-
रेलवे ने 215 किलोमीटर से अधिक की दूरी के लिए किराए में मामूली वृद्धि की है:
साधारण श्रेणी (Non-AC): 1 पैसा प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी।
मेल/एक्सप्रेस और एसी (AC) श्रेणियां: 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी।
उदाहरण से समझें बोझ-
यदि आप पटना से दिल्ली (लगभग 1000 किमी) की यात्रा करते हैं, तो जन साधारण जैसी नॉन-एसी ट्रेन में आपको मात्र 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। वहीं, यदि आप राजधानी, वंदे भारत या संपूर्ण क्रांति जैसी प्रीमियम ट्रेनों के एसी कोच में सफर करते हैं, तो आपकी जेब पर 20 रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
सुविधाओं के विस्तार पर खर्च होंगे 600 करोड़-
रेलवे का अनुमान है कि इस किराया समायोजन से उसे सालाना करीब 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस राशि का उपयोग परिचालन लागत (Operational Cost) को मैनेज करने, कोचों के रखरखाव, स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने में किया जाएगा।











Discussion about this post