मुजफ्फरनगर। तमाम सख्त निर्देशों के बावजूद दीपावली से पहले अवैध पटाखों के कारोबार पर लगाम नहीं लग पा रही है। रविवार दोपहर मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के मोहल्ला इस्लाम नगर, शाह नजर कॉलोनी में एक मकान में भीषण धमाके से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि पुराने पटाखों को घर की छत पर धूप में सुखाने के दौरान उनमें अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के मकानों की खिड़कियां तक हिल गईं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। इस घटना में एक महिला अर्शी गंभीर रूप से झुलस गई और उसके सिर पर भी चोट आई। घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसएसपी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर दिए सख्त निर्देश-
घटना की सूचना मिलते ही खतौली इंस्पेक्टर दिनेश चंद बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय वर्मा स्वयं क्षेत्राधिकारी (CO) राम आशीष यादव और थाना प्रभारी के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
एसएसपी संजय वर्मा ने विस्फोट वाले मकान का निरीक्षण किया और सीओ खतौली को तत्काल मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
चार घरों से मिला अवैध पटाखों का बड़ा जखीरा-
पुलिस ने जाँच के दौरान मोहल्ले में एक बड़ा सर्च अभियान चलाया। इसमें शादाब, इसरार, एजाज और एक अन्य व्यक्ति समेत चार लोगों के घरों से भारी मात्रा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया गया। यह खुलासा हुआ कि ये लोग बिना किसी लाइसेंस के लंबे समय से घरों में ही पटाखे बनाकर उनका भंडारण कर रहे थे।
पुलिस ने अवैध पटाखों को जब्त कर लिया है और संबंधित विभागों को विस्तृत रिपोर्ट भेजी जा रही है। एसएसपी संजय वर्मा ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण कानूनन अपराध है और लापरवाही बरतने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
राजनीतिक दलों ने की आर्थिक मदद की मांग-
विस्फोट के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। रालोद नगर अध्यक्ष नौशाद मोनी, एमआईएम के जिलाध्यक्ष मौलाना इमरान काशमी और वार्ड सभासद अब्दुल सत्तार ने मौके पर पहुंचकर लोगों से मुलाकात की। नौशाद मोनी ने अधिकारियों से आस-पास के घरों में हुए भारी नुकसान के लिए प्रभावित परिवारों को आर्थिक मदद मुहैया कराने की मांग की है।
पुलिस टीम देर रात तक मौके पर डटी रही और अवैध पटाखा फैक्ट्री चलाने वालों की तलाश में तलाशी अभियान जारी रहा।










Discussion about this post