छतरपुर: जिले में एक नवविवाहित महिला को बेटी होने पर उसके पति एवं ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। घटना के बाद पीड़िता अपनी 15 दिन की बेटी को लेकर एसपी ऑफिस पहुंची थी और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
जानकारी के अनुसार छतरपुर के चंदला थाना क्षेत्र के माधोपुर की रहने वाली गंगावती कुशवाहा की शादी एक साल पहले लवकुशनगर थाना क्षेत्र के गांव सिजई के रतिराम कुशवाह से हुई थी। गंगावती का कहना है कि शादी के एक साल तक सब कुछ ठीक रहा। लेकिन जैसे ही गंगावती ने एक बेटी को जन्म दिया परिवार के लोग उसके साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने कहा कि तुमने ही बेटी को जन्म दिया है। उसके खर्चे और शादी के लिए जो पैसे चाहिए होंगे अभी से अपने मायके से ले आओ।
पीड़ित गंगावती का कहना है कि उसके पति, ननद, चाचा और ससुराल के अन्य लोग सरेआम मारपीट करते हैं। जिसका वीडियो भी उसके पास है। उसका कहना है कि उसके शरीर पर चोट के कई निशान भी हैं। जिस वक्त ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे थे, उस वक्त उसकी मासूम बेटी गोद में थी।
गंगावती ने बताया कि मारपीट होने के बाद वह अपने माता-पिता के साथ लव कुश नगर थाना गई। जहां पुलिस ने मारपीट की मामूली धाराओं में मामला दर्ज तो कर लिया, लेकिन उसके बताए अनुसार एफआईआर नहीं लिखी। बता दें कि गंगावती अब अपनी 15 दिन की बेटी को लेकर न्याय के लिए दर दर भटक रही है। उसका पति रतिराम अभी तक न तो अपनी बेटी से मिलने की कोशिश किया है और न ही अपनी पत्नी को खोजने का प्रयास किया है।











Discussion about this post