कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक अगस्त से जमीनों के दाम बढ़ जाएंगे। 15 से 20 फीसदी तक सर्किल रेट बढ़ाने की तैयारी है। जमीनों का नया सर्किल रेट लागू करने के लिए उपनिबंधक और तहसीलदार ने सर्वे शुरू कर दिया है। 10 जुलाई तक सर्वे कर प्रस्तावित रेट शहरवासियों के बीच रखा जाएगा।
25 जुलाई तक आने वाली आपत्ति की सुनवाई करके निस्तारित किया जाएगा। फिर नया रेट लागू होगा। पिछले साल जिले में नौ साल बाद 15 फीसदी सर्किल रेट बढ़ाया गया था। हर स्थिति को देखकर बढ़ोतरी की गई थी। बाजारी व वास्तविक मूल्य के बीच चल रहे बड़े अंतर को इस बार खत्म करने की तैयारी है। इसलिए डीएम, एडीएम फाइनेंस और एआईजी स्टाम्प के बीच मंथन तेज हो गया है।
अब सर्वे पूरा करके 10 जुलाई को शहरवासियों के सामने नई सर्किल रेट की प्रस्तावित दरें आएंगी। उस पर करीब 14 दिन का विज्ञापन निकालकर आपत्ति मांगी जाएगी। 25 जुलाई तक आपत्ति को निस्तारित करके एक अगस्त से नया सर्किल रेट लागू किया जाएगा।
सर्किल रेट निर्धारित करने के लिए सबसे पहले महंगाई दर देखी जाती है। फिर शहर में जमीन की खरीद फरोख्त की स्थिति चेक होती है। यह प्रतिदिन होने वाले बैनामे और उनसे आने वाले राजस्व के तहत देखी जाती है। तहसीलदार और रजिस्ट्रार सर्वे करके बिक्री दर को देखते हैं। शहर के इलाकों का बाजार व सर्किल मूल्य के साथ ही बिक्री को देखकर तय किया जाता है।
एडीएम फाइनेंस विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि सर्किल रेट बढ़ाने को सर्वे शुरू हो गया है। 10 जुलाई तक सर्वे पूरा करके संभावित रेट को शहरवासी के बीच रखा जाएगा। आपत्तियां निस्तारित कर एक अगस्त से नया सर्किल रेट लागू होगा।











Discussion about this post