मुजफ्फरनगर। जनपद के स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित चिकित्सा केंद्रों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गैलेक्सी हॉस्पिटल में बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर गठित एक विशेष टीम ने हॉस्पिटल में बिना पंजीकरण के चल रहे एक्स-रे सेंटर को पकड़कर उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
बिना लाइसेंस के चल रही थी मशीन: डॉ. विपिन कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जब हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया, तो एक्स-रे सेंटर के पास कोई भी वैध दस्तावेज या पंजीकरण नहीं मिला। नियमों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने मौके पर ही सेंटर को सीज कर दिया।
कार्रवाई देख डॉक्टर हुए फरार: छापेमारी के दौरान अस्पताल में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम को देख सेंटर के जिम्मेदार चिकित्सक मौके से भाग निकले, जिस पर विभाग ने सख्त नाराजगी जताई है।
सख्त चेतावनी: जांच अधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने स्पष्ट किया कि जब तक नियमानुसार पंजीकरण और सभी औपचारिकताएं पूरी नहीं हो जातीं, तब तक मशीन का संचालन नहीं किया जाएगा। नियमों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
सतर्कता अभियान: विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मुजफ्फरनगर में अवैध मेडिकल गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई से जिले के अन्य अवैध लैब और हॉस्पिटल संचालकों में भारी खलबली मच गई है।










Discussion about this post