पंजाब। दिल्ली में हालिया बम धमाके के बाद पंजाब पुलिस ने प्रदेश भर में सुरक्षा कड़ी कर दी है। इसी अभियान के तहत मोगा पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को पेट्रोल बम के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी युवक फरीदकोट जिले के निवासी हैं। पुलिस ने तीन बीयर की बोतलों में तैयार किए गए पेट्रोल बम बरामद कर बड़ी साजिश को विफल कर दिया है।
रूटीन चेकिंग में हुआ बड़ा खुलासा-
पुलिस ने रूटीन नाकेबंदी के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान उनके पास से पेट्रोल से भरी बोतलें, माचिस और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये युवक किसी बड़ी घटना की फिराक में थे।
बाघा पुराना में पहले भी फरीदकोट के युवकों ने फेंका था पेट्रोल बम-
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले मोगा के कस्बा बाघा पुराना के गांव माड़ी मुस्तफ़ा में भी इसी तरह की घटना हुई थी, जहां कुछ युवकों ने एक दुकान पर पेट्रोल बम फेंका था। उस मामले में भी फरीदकोट के ही युवक शामिल पाए गए थे, जिससे अब पुलिस इन दोनों घटनाओं के तार जोड़ने की कोशिश कर रही है।
गिरफ्तार युवकों से पूछताछ जारी, नेटवर्क खंगाल रही एजेंसियां-
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में कई अहम सुराग मिले हैं, जिनसे इस साजिश के पीछे किसी बड़े नेटवर्क के होने की संभावना जताई जा रही है। पंजाब एटीएस और खुफिया एजेंसियां भी अब इस केस में सक्रिय हो गई हैं।











Discussion about this post