लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में शामली के एक किसान की आत्महत्या का मामला गूंजा। विधायक पंकज मलिक ने सदन में यह मुद्दा उठाया और सरकार से मृतक किसान के परिवार को मुआवजा और सहायता देने की मांग की। साथ ही थानाभवन शुगर मिल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक विधायक पंकज मलिक ने अपने पत्र में बताया कि गांव पुरमाफी के किसान आजाद कुमार ने 25 फरवरी को आत्महत्या कर ली थी। बताया गया कि किसान बच्चों की फीस और बैंक के कर्ज के कारण मानसिक रूप से परेशान था। इतना ही नहीं पैसे न होने के कारण वह समय पर अपना इलाज भी नहीं करा पा रहा था।
विधायक ने बताया कि बैंक द्वारा 2.5 लाख का कर्ज चुकाने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसके कारण किसान यह कदम उठाने को मजबूर हुआ, जबकि थानाभवन शुगर मिल पर 2 लाख रुपये का गन्ना भुगतान बकाया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मृतक किसान के परिवार को कम से कम 3.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए और बैंक का कर्ज माफ किया जाए।
उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार को तत्काल कदम उठाने चाहिए ताकि अन्य किसानों को भी राहत मिल सके। विधायक पंकज मलिक ने भी सदन में कहा कि किसानों की आत्महत्या एक गंभीर समस्या बनती जा रही है, जिसे रोकने के लिए सरकार को मजबूत नीतियां बनानी चाहिए।










Discussion about this post