मुजफ्फरनगर। शहर की स्वच्छता और विकास कार्यों को लेकर नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त न करने के संकल्प के साथ, उन्होंने शुक्रवार को पटेलनगर क्षेत्र के रजवाहा रोड का औचक निरीक्षण किया।
घंटों मौके पर डटी रहीं पालिकाध्यक्ष-
आम जनता से मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पालिकाध्यक्ष स्वयं फील्ड में उतरीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रजवाहा रोड पर गंदगी का अंबार देख नाराजगी जताई और तत्काल सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। खास बात यह रही कि मीनाक्षी स्वरूप केवल निर्देश देकर नहीं लौटीं, बल्कि एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल और सफाई कर्मचारियों की टीम के साथ घंटों मौके पर डटी रहीं और अपनी देखरेख में साइड पटरियों की सफाई सुनिश्चित कराई।
गुणवत्ता से समझौता नहीं: दो टूक निर्देश-
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शहर में हो रहे निर्माण कार्यों और स्वच्छता अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि “स्वच्छ शहर ही स्वस्थ नागरिकों की पहचान है” और उनका लक्ष्य मुजफ्फरनगर के हर वार्ड को जनहित के अनुरूप सुरक्षित व स्वच्छ बनाना है।
जनता में भरोसे का माहौल-
पालिकाध्यक्ष के इस सक्रिय और जमीनी प्रयास को देखकर क्षेत्रीय निवासियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि अध्यक्ष के खुद मौके पर मौजूद रहने से कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में तेजी आई है। मीनाक्षी स्वरूप ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसेवा की भावना से कार्य करने की नसीहत देते हुए कहा कि आमजन की सुविधाओं का ध्यान रखना नगरपालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है।










Discussion about this post