नई दिल्ली। अवैध सट्टेबाजी ऐप ‘1xBet’ के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का शिकंजा कसता जा रहा है। जांच का दायरा अब क्रिकेटरों और फिल्मी सितारों से बढ़कर राजनीति तक पहुँच गया है। गुरुवार को ईडी ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मशहूर हस्तियों की 7.93 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस केस में अब तक कुल 19.07 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की जा चुकी है।
रडार पर आए कई बड़े चेहरे-
जांच एजेंसी ने इस मामले में वित्तीय लेनदेन का पता लगाते हुए कई सार्वजनिक हस्तियों को घेरे में लिया है। जब्त की गई संपत्तियों में पूर्व भारतीय क्रिकेटर, बॉलीवुड अभिनेता और एक मौजूदा सांसद का नाम भी शामिल है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में खेल, सिनेमा और राजनीति जगत के कई और जाने-माने चेहरों से पूछताछ हो सकती है।
किसकी कितनी संपत्ति हुई अटैच?
ईडी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को हुई कार्रवाई में निम्नलिखित हस्तियों की संपत्तियां कुर्क की गईं:
युवराज सिंह (पूर्व क्रिकेटर): 2.5 करोड़ रुपये
उर्वशी रौतेला (अभिनेत्री): 2.02 करोड़ रुपये (उनकी मां के नाम पर पंजीकृत)
नेहा शर्मा (अभिनेत्री): 1.26 करोड़ रुपये
सोनू सूद (अभिनेता): 1 करोड़ रुपये
मिमी चक्रवर्ती (TMC सांसद व अभिनेत्री): 59 लाख रुपये
अंकुश हाजरा (अभिनेता): 47.20 लाख रुपये
रॉबिन उथप्पा (पूर्व क्रिकेटर): 8.26 लाख रुपये
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई-
ईडी ने इससे पहले भी 1xBet मामले में सख्त कदम उठाए थे। पूर्व में क्रिकेटर शिखर धवन की 4.55 करोड़ रुपये और सुरेश रैना की 6.64 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई थीं। अब तक हुई कुल कार्रवाई के बाद जब्ती का आंकड़ा 19 करोड़ रुपये को पार कर गया है।
बढ़ सकता है जांच का दायरा-
ईडी के सूत्रों का कहना है कि सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के माध्यम से किए गए धन के अवैध हस्तांतरण (मनी लॉन्ड्रिंग) की जांच अभी जारी है। जांच एजेंसी उन सभी संपर्कों को खंगाल रही है जिन्होंने इस ऐप को प्रमोट किया या इससे वित्तीय लाभ प्राप्त किया। आने वाले समय में कई अन्य बड़े नामों पर भी गाज गिर सकती है।











Discussion about this post