मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव कूकड़ा निवासी 27 वर्षीय शादाब पुत्र वकील अहमद कल, 4 जुलाई 2025 की शाम से लापता हैं। बताया जा रहा है कि वह अलमासपुर चौक स्थित अपने कार्यालय से शाम लगभग 6 बजे अपनी काले रंग की हीरो ग्लैमर बाइक (UP-12BS-7132) पर निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है। उनका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने थाना नई मंडी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पीड़ित पिता वकील अहमद ने पुलिस को लिखित तहरीर सौंपते हुए अपने बेटे की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि शादाब रोज की तरह ऑफिस से निकले थे, लेकिन जब देर रात तक वापस नहीं लौटे और फोन भी बंद मिला, तो आशंका गहराने लगी।
पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम शादाब की आखिरी लोकेशन, मोबाइल कॉल डिटेल्स और संभावित रूटों की जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।
शादाब के परिजनों ने आम जनता से भी जानकारी साझा करने की अपील की है। यदि किसी को शादाब या उनकी बाइक के बारे में कोई सूचना मिले, तो स्थानीय पुलिस या शादाब के परिवार से तत्काल संपर्क करने का अनुरोध किया गया है।
परिवार इस अचानक हुए हादसे से स्तब्ध है और उन्हें बेटे की सुरक्षित वापसी का बेसब्री से इंतजार है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही है।











Discussion about this post