मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के जडौदा गांव में बकरीद के मौके पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। युवती जब पड़ोस में शीर बांटने जा रही थी, तभी गांव के ही युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। घटना की जानकारी परिजनों को मिलने पर जब उन्होंने विरोध किया, तो आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें सात लोग घायल हो गए।
पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, युवती अपने घर से शीर लेकर पड़ोस में देने जा रही थी। तभी गांव निवासी इदरीश का बेटा सोनू उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। युवती के परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो सोनू अपने परिवार के अन्य लोगों—शाहनवाज, उमरदीन, वारिस और उसके तीन बेटों के साथ मिलकर कुल्हाड़ी और चाकुओं से लैस होकर हमला करने आ गया।
हमले में शेर मोहम्मद, जुबैर, जुनैद, शेर खान, मोमिन, दानिश और आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में पुलिस द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने हमले के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।
मंसूरपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सोनू, शाहनवाज, उमरदीन, वारिस समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है।











Discussion about this post