मुजफ्फरनगर। थाना ककरौली क्षेत्र में एक अधजले शव के मिलने से शुरू हुई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को पुलिस ने चंद दिनों में सुलझा लिया है। पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए, उन्होंने सभी को चौंका दिया। मृतका की हत्या उसके ही पिता और भाई ने की थी। सामाजिक बदनामी के डर से उन्होंने बेटी को मौत के घाट उतारा और शव को जंगल में जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की।
03 जून को थाना ककरौली क्षेत्र के ग्राम कटिया के जंगल में एक महिला का अधजला शव बरामद हुआ था। शव की शिनाख्त न हो पाने के कारण पुलिस ने इसे ब्लाइंड मर्डर मानकर जांच शुरू की। सोशल मीडिया और अन्य तकनीकी माध्यमों से की गई गहन छानबीन के बाद शव की पहचान सरस्वती पुत्री राजवीर, निवासी ग्राम जडवड़, थाना ककरौली के रूप में हुई।
शिनाख्त के बाद मृतका के पिता राजवीर और भाई सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस की सख्ती में दोनों टूट गए और अपना अपराध कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि सरस्वती के प्रेम संबंधों और बार-बार घर छोड़ने से परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही थी। इसी लोकलाज के कारण उन्होंने अपने साथी हरदयाल निवासी रुड़की के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि सरस्वती की पहली शादी 2019 में थाना भोपा क्षेत्र के मोरना गांव में हुई थी, लेकिन दो साल में वह प्रेम संबंधों के चलते वापस मायके आ गई। 2022 में दोबारा उसकी शादी शामली में कराई गई, लेकिन वह भी एक साल में टूट गई। इसके बाद वह गुरुग्राम में अपने प्रेमी अमित के साथ रहने लगी और वहीं नौकरी भी करने लगी।
10 मई को सरस्वती एक बार फिर गांव लौट आई थी। 29/30 मई की रात जब वह फिर से गांव छोड़कर जाने लगी, तो पिता और भाई ने हरदयाल के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। शव को करीब पांच किलोमीटर दूर कटिया के जंगल में फेंक दिया और पैट्रोल डालकर जला दिया ताकि पहचान न हो सके।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद थाना ककरौली पुलिस ने राजवीर और सुमित को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीसरा अभियुक्त हरदयाल निवासी रुड़की, हरिद्वार फरार है। आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 91/2025 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने वाली टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया है। थाना प्रभारी जोगेन्द्र सिंह को अलग से 1000 रुपये तथा आरक्षी जोगेन्द्र सिंह और ललित मोरल को 500-500 रुपये का इनाम दिया गया है।











Discussion about this post