मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कस्बे के कर्बला रोड पर चोरी के शक में एक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और कुछ घंटों बाद युवक का शव घर में मिला। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला पछाला निवासी 30 वर्षीय मोनू पुत्र जसबीर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वीडियो में कुछ लोग उसे बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि मोनू चोरी करने गया था, लेकिन परिवार ने इस आरोप को झूठा करार देते हुए कहा कि साजिश के तहत हत्या की गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात आदित्य बंसल ने कहा कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव है। पीड़ित परिवार से मिलने पूर्व विधायक उमेश मलिक और पूर्व चेयरमैन जितेंद्र त्यागी पहुंचे। वहीं, जसवीर आश्रम के महाराज जसवीर ने भी आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है।










Discussion about this post