मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी (DM) उमेश मिश्रा ने आज मीरापुर स्थित विश्व प्रसिद्ध हैदरपुर वेटलैंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, डीएम ने वेटलैंड के रखरखाव की जानकारी ली और जल संरक्षण कार्यक्रमों को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
गंगा सफाई के लिए विशेष निर्देश-
डीएम ने डीएफओ (DFO) और अन्य अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करते हुए गंगा नदी की साफ-सफाई को लेकर विशेष योजना बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि वेटलैंड की झील और गंगा किनारे फैली गंदगी को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। इसके तहत, गंगा किनारे एक ‘वेस्ट बैंक’ (कचरा प्रबंधन केंद्र) बनाने और सफाई का कार्य नावों के जरिए कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों के साथ मंथन-
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, डीएफओ अभिनव राज, एसडीएम राजकुमार भारती, नायब तहसीलदार अजय कुमार, वन क्षेत्राधिकारी जानसठ अशोक शर्मा और मोरना के वनक्षेत्राधिकारी रविकांत चौधरी सहित वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने वनकर्मियों और गंगा प्रहरियों से जल संरक्षण कार्यक्रमों और जलीय जीवों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
शुक्रवार को आयोजित होगा बड़ा कार्यक्रम-
डीएम उमेश मिश्रा ने बताया कि रामसर साइट घोषित हैदरपुर वेटलैंड में शुक्रवार को जल संरक्षण को लेकर एक बड़ा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।










Discussion about this post