मुज़फ्फरनगर। प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर सरकार भले ही दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। बुढ़ाना कस्बे में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां स्कूटी और कार की मामूली टक्कर के बाद कार सवार दबंग युवकों ने बीच सड़क पर स्कूटी सवार दो छात्राओं के साथ मारपीट और अभद्रता की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों छात्राओं को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा। साथ ही आरोपित दोनों युवकों को मौके से हिरासत में ले लिया गया।
घटना बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र की है, जहां सोमवार को स्कूटी और एक आल्टो कार की साइड लग गई। इसी मामूली बात पर कार में सवार दो युवक उग्र हो गए और स्कूटी सवार छात्राओं के साथ सड़क पर ही गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित छात्राओं को तत्काल अस्पताल भेजा और दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। छात्राओं के परिजनों ने थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महिला हिंसा, अभद्र व्यवहार और मारपीट जैसी सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज़ी से की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post