मुज़फ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया ने सोमवार को अचानक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शाहपुर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) हरसौली का औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
शाहपुर CHC में सुविधाओं का जायजा-
निरीक्षण के दौरान, डॉ. तेवतिया ने शाहपुर अस्पताल में उपलब्ध समस्त स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा सेवाओं, साफ़-सफाई व्यवस्था, दवा वितरण कक्ष, ओपीडी सेवाओं, लेबर रूम और आपातकालीन सेवाओं का गहनता से जायजा लिया।
उन्होंने वहां आयोजित एएनएम (ANM) की बैठक में भी हिस्सा लिया और मातृत्व-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच, पोषण और आयुष्मान भारत योजना से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी एएनएम को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हरसौली PHC पर दी चेतावनी: लापरवाही बर्दाश्त नहीं-
इसके बाद, सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरसौली का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ओपीडी, सफाई व्यवस्था, मरीजों के पंजीकरण, दवा वितरण और स्टाफ की उपस्थिति की जांच की।
निरीक्षण के दौरान, उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. तेवतिया ने शाहपुर ब्लॉक के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ०पी० जायसवाल को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने को कहा ताकि ज़िले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त हो सकें।










Discussion about this post