मुज़फ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले की पुलिस ने पिछले एक महीने के भीतर 20 तस्करों को गिरफ्तार कर करीब 17 करोड़ रुपये मूल्य का नशा बरामद किया है।
इस अभियान के तहत बुधवार शाम खतौली कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान जनपद के कुख्यात नशा तस्कर गौरव उर्फ गौरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ और सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके तीन अन्य साथियों—अरविंद, मोहित और शाहनवाज—को भी धर दबोचा। चारों आरोपियों के पास से पुलिस ने 30 किलो गांजा, 237 ग्राम चरस, एक अर्टिगा कार और 20,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि गौरव उर्फ गौरा जनपद का एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ 53 मुकदमे दर्ज हैं और उसका नाम एचसीएस-332 अपराधियों की सूची में शामिल है। एसएसपी के अनुसार, यह गिरोह उड़ीसा से मादक पदार्थ मंगवाकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सप्लाई करता था। गिरोह में 20-25 सदस्य सक्रिय हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अतिरिक्त, इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और धारा 14(1) के तहत संपत्ति जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।
एसपी सिटी, सीओ खतौली और थाना प्रभारी खतौली ने गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की है। इंस्पेक्टर खतौली की टीम को ₹20,000 का इनाम भी घोषित किया गया है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि डीआईजी स्तर से चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा अभियान के अंतर्गत अब तक 20 तस्करों को जेल भेजा गया है और करीब 17 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ बरामद किया जा चुका है।
यह कार्रवाई न सिर्फ मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक सख्त संदेश है, बल्कि यह पुलिस की सतर्कता और तत्परता का भी प्रमाण है। आने वाले दिनों में भी यह अभियान और तेज़ी से जारी रहेगा।










Discussion about this post